महानदी तट पर आयोजित दिव्य आरती, श्रद्धा और भक्ति का अनुपम अनुभव

 


महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 के पावन अवसर पर महानदी तट पर शनिवार शाम 7:30 बजे दिव्य महानदी आरती का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

महानदी आरती में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपनी धर्मपत्नी प्रिया सिन्हा के साथ शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलन किया और श्रद्धाभाव से महानदी आरती संपन्न की। इस अवसर पर उन्होंने महानदी तट पर दीपदान कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगल कामना की।

आरती के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंख ध्वनि और मधुर भक्ति संगीत से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। महानदी के पावन तट पर प्रज्ज्वलित सैकड़ों दीपों की जगमगाहट और जलधारा पर पड़ती रोशनी ने मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सामूहिक आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने पूर्ण आस्था और भावनाओं के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव किया। महानदी तट पर उमड़ा श्रद्धा का यह सैलाब सिरपुर महोत्सव की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक ऊंचाई प्रदान करता नजर आया।


No comments:

Post a Comment