अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर किया जा रहा जागरूक
कोण्डागांव। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अवनी कुमार बिसाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 24 फरवरी से 8 मार्च 2025 तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत केरावाही पंचायत भवन, तहसील माकड़ी, जिला कोण्डागांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करना, महिलाओं के खिलाफ हिंसा का विरोध करना और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है।
कार्यक्रम के तहत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता पखवाड़ा जिलेभर में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता, महिला सुरक्षा, लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने, कल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देने और शिशु लिंगानुपात में सुधार के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। इसके अलावा, महिलाओं एवं किशोरियों को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराने हेतु भारतीय दंड संहिता, भारतीय नागरिक संहिता, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निषेध अधिनियम, टोना-टोटका प्रताड़ना अधिनियम, लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम की जानकारी दी गई। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 और स्वास्थ्य सेवा 102 जैसी आवश्यक सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
सामुदायिक पंचायतों एवं स्वयं सहायता समूहों में महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकार, मासिक धर्म स्वच्छता, सुरक्षित मातृत्व, प्रसव पूर्व देखभाल, पोषण और एनीमिया से बचाव से संबंधित जानकारी दी गई। महिलाओं के लिए उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता और कौशल विकास पर भी सत्र आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति से जिला मिशन समन्वयक रीना सिंह ठाकुर, जेंडर विशेषज्ञ माधुरी उसेंडी, एवं चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश, जितेंद्र बघेल, द्वारा जानकारी दिया गया।
No comments:
Post a Comment