भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन…. मुख्यमंत्री बघेल समेत चिदंबरम कन्याकुमारी के अगस्तीस्वरम के लिए निकले

 


कन्याकुमारी। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज दूसरा दिन है। इस यात्रा को नागरिक समूहों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। दूसरे दिन जैसे-जैसे यह पदयात्रा आगे बढ़ रही है, हजारों की संख्या में लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं। यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चारों ओर सिर्फ पदयात्री ही नजर आ रहे हैं। पदयात्रियों में भी जबरदस्त जोश भी देखने को मिल रहा है।

कन्याकुमारी के अगस्तीस्वरम में दूसरे दिन की यात्रा शुरू करने से पहले गुरुवार को यहां कैंप में सुबह 7 बजे तिरंगा झंडा फहराया गया। झंडे को सलामी देने के बाद कांग्रेस नेताओं ने भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत की। पार्टी सांसद राहुल गांधी, भारत जोड़ो यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, वरिष्ठ सांसद पी चिदंबरम, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य ने कन्याकुमारी के अगस्तीस्वरम से पदयात्रा शुरू की।

बता दें कि पदयात्रा दो पड़ाव में चल रही है, एक सुबह 7 से 10:30 बजे तक और दूसरी दोपहर 3:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक। औसतन रोजाना लगभग 22-23 किलोमीटर पैदल चलने की योजना है। पार्टी ने राहुल गांधी समेत 119 नेताओं को 'भारत यात्रियों' के रूप में वर्गीकृत किया है, जो कन्याकुमारी से श्रीनगर तक पूरी दूरी तय करेंगे। कन्याकुमारी से श्रीनगर तक की 3,570 किलोमीटर की यह यात्रा लगभग पांच महीने में 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी।

No comments:

Post a Comment