भिलाई के एक होटल में बाहर से लड़कियों को लाकर कराया जा रहा था देह व्यापार



 पुलिस ने सुपेला स्थित किराए में संचालित लैंडमार्क होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने होटल के मैनेजर और दलाल को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पीटा एक्ट, बंधक बनाने, पाक्सो एक्ट और आइटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने दावा किया है कि लड़कियां उत्तर प्रदेश और लखनऊ से लाई गई थी और उन्हें यहां पर बंधक बनाकर उनसे जबरिया देह व्यापार कराया जा रहा था।

इन लड़कियों में एक नाबालिग है। उसी नाबालिग किशोरी ने रात में पुलिस को फोन कर मदद मांगी। जिस पर पुलिस ने रात में ही होटल पर दबिश देकर दोनों लड़कियों को रेस्क्यू किया और होटल के मैनेजर व दलाल को गिरफ्तार किया। जबकि इस कार्रवाई के बाद ये भी चर्चा है कि एक सिपाही, देह व्यापार करने वाली एक लड़की के संपर्क में था और उस लड़की ने सिपाही को फोन किया था। जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है। होटल के मालिक ने पुलिस को किराए पर दिए जाने संबंधित सूचना देते हुए इकरारनामा भी सौंपा था।

पत्रकार वार्ता में एएसपी संजय ध्रुव, भिलाई नगर सीएसपी नसर सिद्दीकी, सुपेला टीआइ दुर्गेश शर्मा और वैशाली नगर टीआइ वीरेंद्र श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से इस मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार के रात्रि गश्त प्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव को फोन से जानकारी मिली कि होटल लैंडमार्क में दो लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है और उनसे देह व्यापार कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ दबिश दी और दोनों लड़कियों को रेस्क्यू किया।

No comments:

Post a Comment